चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे पर गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। हेलंग के पास पटेल कंपनी के समीप तीर्थयात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में राजस्थान से आए कुल 29 श्रद्धालु सवार थे, जो बदरीनाथ दर्शन के लिए यात्रा कर रहे थे।
हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जिसमें 17 यात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोपेश्वर रेफर कर दिया गया है। जबकि बाकी 14 घायलों को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। यात्रियों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








