देहरादून में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात एक बड़े ड्रग तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में स्मैक और नगदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात नेहरू कॉलोनी क्षेत्र स्थित मोथरावाला के सामुदायिक भवन के पास से एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 163 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपी के पास से 63,490 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि बरामद रकम नशे की बिक्री से अर्जित की गई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष सिंघल के रूप में हुई है, जो देहरादून के रेसकोर्स नई बस्ती इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह स्मैक उत्तर प्रदेश के बरेली से लेकर आया था और देहरादून के विभिन्न इलाकों में युवाओं को छोटी-छोटी पुड़ियों के रूप में बेचता था। आरोपी पेशे से एक निजी सुरक्षा गार्ड है और इससे पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कोतवाली देहरादून से जेल जा चुका है।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उत्तराखंड में ड्रग्स की तस्करी पर नकेल कसने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सभी जिलों में सतर्क निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि’ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एसटीएफ लगातार अभियान चलाकर तस्करों पर शिकंजा कस रही है।
इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ नशे के खिलाफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।
यह भी पढें- उत्तराखंड: कैबिनेट बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीरों को किया नमन, कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी






