बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर देहरादून जा रहे एक हेलिकॉप्टर को मौसम खराब होने के कारण बीच रास्ते में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे, जब हेलिकॉप्टर पीपलकोटी और चमोली के बीच था, तभी मौसम बिगड़ने लगा। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए गोपेश्वर पुलिस मैदान में आपात लैंडिंग का निर्णय लिया, लेकिन वहां पहले से वाहन खड़े होने के कारण हेलिकॉप्टर को पास के खेल मैदान की ओर मोड़ना पड़ा।
खेल मैदान में इस समय बैडमिंटन इनडोर हॉल का निर्माण कार्य और मैदान के सुधारीकरण का काम चल रहा है। इसके बावजूद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए मैदान के बीचोंबीच सुरक्षित लैंडिंग की। मैदान में करीब पांच मिनट रुकने के बाद, जैसे ही मौसम में सुधार हुआ, हेलिकॉप्टर ने पुनः उड़ान भरी और देहरादून के लिए रवाना हो गया।
सौभाग्य से इस पूरी घटना में किसी तरह की जनहानि या तकनीकी क्षति नहीं हुई। हेलिकॉप्टर में सवार सभी तीर्थयात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों की सतर्कता और प्रशासन की तत्परता के चलते स्थिति को बखूबी संभाल लिया गया।





