हाल ही में अहमदाबाद से लंदन जा रहे एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान की भयावह दुर्घटना ने एयरलाइन के वैश्विक संचालन को प्रभावित किया है। 12 जून को हुए इस हादसे में विमान उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकरा गया, जिसमें 241 लोगों की जान चली गई। इसके बाद सुरक्षा समीक्षा और तकनीकी जांच के चलते एयर इंडिया ने कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मंगलवार के दिन रद्द कर दिया।
रद्द की गई उड़ानों में अधिकांश बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान शामिल हैं। इन उड़ानों में दिल्ली से दुबई (AI915), विएना (AI153), पेरिस (AI143), अहमदाबाद से लंदन (AI159), लंदन से अमृतसर (AI170), बंगलूरू से लंदन (AI133), और मुंबई से सैन फ्रांसिस्को (AI179) प्रमुख रही हैं। अहमदाबाद से गेटविक (लंदन) की उड़ान भी रद्द की गई, जिसके पीछे कारण विमान की उपलब्धता में कमी, हवाई क्षेत्र की बंदिशें और अतिरिक्त सुरक्षा जांच बताए गए हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को होटल, रिफंड और री-शेड्यूलिंग की सुविधाएं प्रदान करने की बात कही है।
इसके साथ ही दिल्ली से पेरिस जाने वाली उड़ान AI143 और पेरिस से लौटने वाली AI142 को भी तकनीकी जांच में समस्याएं सामने आने के कारण रद्द करना पड़ा। एअर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतज़ामों का भरोसा दिया है। इन घटनाओं ने न केवल यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित किया है, बल्कि एयरलाइन की संचालन क्षमता और विश्वास पर भी असर डाला है।
उधर, एक अन्य मामले में सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही उड़ान AI180 को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र की बंदी के चलते कोलकाता में तकनीकी स्टॉप देना पड़ा। विमान में सवार 228 यात्रियों को अस्थायी रूप से होटल में ठहराया गया, क्योंकि नियमित जांच में तकनीकी समस्या पाई गई। यह उड़ान देर रात 12:45 बजे कोलकाता पहुंची, हालांकि सैन फ्रांसिस्को से रवाना होने में पहले ही एक घंटे की देरी हो चुकी थी। कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों में काफी नाराज़गी भी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें : खुली दवाओं और बिना पर्चे की बिक्री पर शिकंजा, ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोरों पर मारा छापा










