उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जौनसार-बावर दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महासू महाराज की कृपा से राज्य में कई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए हैं। उत्तराखंड आज देश में विभिन्न विषयों पर चर्चा में बना हुआ है और विकास के क्षेत्र में नीति आयोग के 2023-24 के इंडेक्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
स्थानीय जनता से संवाद और विकास योजनाओं की समीक्षा मुख्यमंत्री ने सुबह हनोल में मॉर्निंग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात की और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने महासू देवता मंदिर क्षेत्र के पुनर्विकास की मास्टर प्लान को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विद्यालयी छात्राओं से मुलाकात एवं शुभकामनाएं बाजार भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय जा रही छात्राओं से भी बातचीत की और उन्हें आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार और सुविधाओं को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर का संरक्षण मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जौनसार-बावर की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस क्षेत्र में विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को अधिकतम लाभ मिल सके।
मुख्य जनसेवक कार्यक्रम में जनसभा को संबोधन त्यूणी में आयोजित मुख्य जनसेवक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें टोंस नदी के तट पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने याद किया कि 2022 के चुनाव परिणाम आने से पहले वे महासू महाराज के दर्शन के लिए आए थे और तब से प्रतीक्षा कर रहे थे कि कब पुनः बुलावा आएगा।
महासू देवता के दर्शन और आशीर्वाद मुख्यमंत्री ने कहा कि महासू महाराज का आदेश होने के बाद ही वे यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित मुखवा-हर्षिल दौरे से पहले महासू देवता के दर्शन करने का निश्चय किया था। विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद उन्होंने इस दौरे की योजना बनाई ताकि महासू देवता का आशीर्वाद प्राप्त कर आगामी कार्यों के लिए नई ऊर्जा प्राप्त कर सकें।
विधानसभा में ऐतिहासिक निर्णय और सशक्त भू-कानून मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि हाल ही में संपन्न विधानसभा सत्र में राज्य के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित सशक्त भू-कानून लागू किया गया है, जिससे उत्तराखंड की भूमि और संसाधनों को संरक्षित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि महासू महाराज की कृपा से राज्य की देवतुल्य जनता से किए गए सभी वचन पूरे किए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस दौरे से जौनसार-बावर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार धार्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढें- देहरादून समाचार: कैंसर से लड़ रहे IPS अधिकारी केवल खुराना का निधन, दिल्ली के अस्पताल में अंतिम सांस ली