हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हुआ। मंगोली पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम नलनी के पास करीब 8:00 बजे एक अर्टिगा कार अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। इस कार में सवार आठ लोग हादसे का शिकार हो गए और वाहन में फंस गए।
स्थानीय लोग और पुलिस ने किया त्वरित रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग और पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मंगोली चौकी इंचार्ज भूपेंद्र मेहता अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और निजी वाहनों से तत्काल कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
कार में सवार थे ये लोग
इस दुर्घटना में घायल होने वालों में दिल्ली जा रहे एक ही परिवार के लोग शामिल थे। इनकी पहचान इस प्रकार की गई है:
- दीपाक्षी शर्मा (40 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, गाजियाबाद
- अंबिका शर्मा (16 वर्ष)
- रचित शर्मा (19 वर्ष)
- अमित शर्मा (42 वर्ष)
- पारुल शर्मा (25 वर्ष)
- हेमा शर्मा (48 वर्ष)
- कार्तिक शर्मा (23 वर्ष)
- जीतराम (45 वर्ष), चालक, निवासी सेक्टर 87, साईं रोड, फरीदाबाद, हरियाणा
रेस्क्यू ऑपरेशन ने बचाई जान
गनीमत रही कि पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
इस घटना से एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन की नियमित जांच की आवश्यकता का संदेश मिलता है। पुलिस ने वाहन की तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढें- उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ा मौका! 4100 से अधिक पदों पर भर्ती जल्द संभव, कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार