मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए हर नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।


विज्ञान, तकनीक और खेल में भारत की अद्वितीय उपलब्धियां: राज्यपाल गुरमीत सिंह

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की पहचान आज केवल आर्थिक और सैन्य ताकत तक सीमित नहीं है। हमारी उपलब्धियां विज्ञान, तकनीक, खेल और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में भी अद्वितीय हैं।

राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत ने आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य तय किया है, और इस दिशा में हम तेजी से प्रगति कर रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि भारत आज विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन चुका है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने उत्पादन और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। इसके साथ ही, भारत अब विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है, जो देश के युवाओं की रचनात्मकता और मेहनत का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि नए भारत में युवाओं के लिए हर क्षेत्र में अपार अवसर मौजूद हैं। देश की विकास यात्रा में उत्तराखंड का भी अहम योगदान है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रदेशवासियों की मेहनत से उत्तराखंड आर्थिक और सामाजिक विकास के नए आयाम छू रहा है। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Share.
Leave A Reply