Demo

नैनीताल की प्रसिद्ध झील में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने नाविकों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। मृतक की पहचान कमलुवागांजा रोड, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी निवासी 36 वर्षीय सौरभ भट्ट के रूप में हुई है, जो वन विभाग में अस्थायी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने इसे परिजनों को सौंप दिया है।घटना की जानकारी तब मिली जब तल्लीताल में झील नियंत्रण कक्ष के समीप करीब 11:30 बजे लोगों ने झील में एक शव को तैरता हुआ देखा। उन्होंने तुरंत पास के पुलिस बूथ पर सूचना दी, जिसके बाद एसआई भावना बिष्ट और कांस्टेबल अमित गहलोत ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। उसके हाथ में बंधी घड़ी रात के करीब 10 बजे बंद हो गई थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत उसी समय के आसपास हुई होगी। एसओ रमेश बोहरा ने बताया कि युवक की पहचान तब पक्की हुई जब कलेक्ट्रेट रोड पर फांसी गधेरा के पास उसका बैग मिला। बैग में मोबाइल और अन्य सामान के आधार पर सौरभ भट्ट की पहचान हो सकी। परिजनों के अनुसार सौरभ अविवाहित थे और उन्हें मिर्गी के दौरे पड़ते थे। वह गुरुवार सुबह से लापता थे और परिवार उनकी तलाश कर रहा था। सौरभ रानीबाग क्षेत्र में वन विभाग की नर्सरी में अस्थायी रूप से काम कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में, 7 सितंबर को भी हल्द्वानी महिला डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर डीएन पंत का शव इसी झील से बरामद हुआ था।

यह भी पढें- उत्तराखंड भू-कानून में धामी सरकार का बड़ा फैसला – जानें इसके बारे में

Share.
Leave A Reply