देहरादून में रविवार का दिन भारी यातायात अव्यवस्था के नाम रहा। सुबह होते ही दून से ऋषिकेश तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जो शाम तक कम होने का नाम ही नहीं ले रहीं थीं। हाईवे पर चल रहे भारी दबाव और शहर के भीतर फैले अव्यवस्थित बाजारों ने हालात और भी बिगाड़ दिए।
सुबह 8 बजे के बाद से लगातार बढ़ते ट्रैफिक ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी। लच्छीवाला टोल प्लाजा पर वाहनों की भीड़ ने ट्रैफिक को रेंगने पर मजबूर कर दिया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों से दिल्ली और हरियाणा की ओर लौट रहे पर्यटकों के कारण ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में जाम सामान्य दृश्य बन गया।
दून शहर के भीतर भी स्थिति बेहद खराब रही। रेंजर्स ग्राउंड में लगे मेले और उसके आसपास सड़कों पर फैले अस्थायी बाजारों ने आवाजाही को और मुश्किल कर दिया। फुटपाथों तक पर लगी दुकानों के कारण कई जगह सड़कें सिकुड़ गईं, जिससे लैंसडौन चौक, दर्शनलाल चौक, घंटाघर, चकराता रोड, राजपुर रोड और मसूरी मार्ग पर पूरे दिन जाम लगा रहा।
परेड ग्राउंड के चारों ओर तो स्थिति ऐसी रही कि दो मिनट की दूरी तय करने में आधा घंटा तक लग गया। बड़े वाहनों से लेकर दोपहिया वाहन तक घंटों धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखे। कई जगह बाइक चालकों को निकलने के लिए भी जगह नहीं मिल पाई।
इसके अलावा, कांग्रेस के एक कार्यक्रम के कारण राजपुर रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात और भी बाधित हुआ। छुट्टी का दिन होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल सकी और पूरा शहर जाम से जूझता रहा।
कुल मिलाकर, दून का यह रविवार सड़क पर रेंगते वाहनों और परेशान यात्रियों की तस्वीर बनकर रह गया।
यह भी पढ़ें – उत्तराखंड: सीएम धामी ने रक्षा मंत्री के समक्ष रखीं रणनीतिक और धार्मिक महत्व की प्रमुख मांगें






