मसूरी में लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भूस्खलन के चलते सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे पर्यटक फंसे हुए हैं। मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर कुठालगेट शिव मंदिर से आगे पुलिया टूटने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके अलावा, झड़ीपानी में भूस्खलन से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए होटल एसोसिएशन ने पर्यटकों से किराया वसूल न करने का निर्णय लिया है। नगर पालिका प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मुख्य मार्ग बंद, आपूर्ति पूरी तरह ठप
मसूरी को जोड़ने वाले सभी मुख्य मार्ग – मसूरी-देहरादून, मसूरी-किमाड़ी-प्रेमनगर-देहरादून, मसूरी-उत्तरकाशी, और मसूरी-यमुनोत्री मार्ग – भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। इस कारण मसूरी में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। दूध, सब्जी, राशन जैसी आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई नहीं हो पा रही है। नौकरी या अन्य कार्य से जाने वाले लोग भी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
मजबूत बारिश के कारण पुलिया और सड़कें क्षतिग्रस्त
सोमवार रात 10 बजे शुरू हुई भारी बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही, जिससे कुठालगेट शिव मंदिर के पास मसूरी की ओर जाने वाली पुलिया टूट गई। कोल्हूखेत से पहले मलवा और पेड़ गिरने से सड़क का हिस्सा दरक गया। कोल्हूखेत से आधा किलोमीटर आगे भी भूस्खलन हुआ और सड़क का आधा हिस्सा बह गया। बार्लोंगंज-झड़ीपानी-चूनाखाल मार्ग पर भी कई स्थानों पर विशाल बोल्डर और मलबा आने से सड़कें बंद हो गई हैं।
मजदूर की मौत, दूसरा घायल
झड़ीपानी से राजपुर के पुराने ट्रैकिंग मार्ग पर मंदिर के समीप भूस्खलन में दो नेपाली मजदूर दब गए। एक मजदूर रामबहादुर (41 वर्षीय) की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि दूसरा अर्जुन (40 वर्षीय) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपजिला चिकित्सालय लंढौर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
होटल एसोसिएशन का राहत निर्णय
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि जिन पर्यटकों को आज वापसी करनी थी, लेकिन सड़क बंद होने के कारण वे फंसे हुए हैं, उनके होटलों का किराया आज नहीं लिया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
प्रशासन की स्थिति पर नजर
नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और पालिका अधिकारियों को सड़कों एवं क्षतिग्रस्त पुलियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि शिव मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक करने में कम से कम पांच दिन लग सकते हैं। वैली ब्रिज को ठीक करने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है।
इसके अलावा, जेसीबी मशीनों द्वारा अन्य मार्गों पर आए मलबे को हटाने का कार्य भी जारी है। मसूरी लंबीधार-किमाड़ी-देहरादून मार्ग के कई स्थान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनके मरम्मत कार्य भी लगातार चल रहे हैं।
यह भी पढें- हरिद्वार में हवाई फायरिंग करने वाले पिल्ला गैंग के सरगना भानु को पुलिस ने दबोचा, एलएलबी का छात्र निकला आरोपी






