देहरादून शहर के कई हिस्सों में शनिवार शाम इमरजेंसी सायरन गूंजेंगे। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि ये सायरन किसी आपदा, हमले या खतरे का संकेत नहीं हैं, बल्कि केवल परीक्षण के लिए बजाए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आवाज सुनकर घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के बाद राजधानी में 13 जगह अत्याधुनिक सायरन लगाए गए हैं। इनमें से चार सायरन की ध्वनि लगभग 16 किलोमीटर तक और नौ सायरन की आवाज आठ किलोमीटर तक सुनाई देगी। इन सायरनों का उद्देश्य आपात स्थिति में तेजी से अलर्ट जारी करना है।
परीक्षण के बाद शाम छह बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी डालनवाला थाने में इनका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान शहर में किए गए अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण होगा। इसमें घंटाघर पर किए गए सौंदर्यीकरण कार्य और देहरादून कलेक्ट्रेट, कोरोनेशन अस्पताल, गुच्चूपानी और आईएसबीटी पर स्थापित चार आधुनिक हिलांस कैंटीन भी शामिल हैं।
यानी शनिवार शाम राजधानी के लिए सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई नई सुविधाओं की शुरुआत होने जा रही है।






