मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सार्वजनिक निकायों और उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने पांचवां और छठा वेतनमान पा रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में राहत
पांचवां वेतनमान प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 455 प्रतिशत से बढ़ाकर 466 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं छठा वेतनमान पा रहे कार्मिकों को अब 246 प्रतिशत के स्थान पर 252 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह बढ़ोतरी आगामी 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगी। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
विकास कार्यों को भी मिली मंजूरी
महंगाई भत्ते में वृद्धि के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में कई विकास योजनाओं को भी हरी झंडी दी है। इनमें प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं—
जिला कारागार पिथौरागढ़ में अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 4.17 करोड़ रुपये स्वीकृत।
उपकारागार रुड़की में नए अतिरिक्त आवासीय भवनों के लिए 2.51 करोड़ रुपये स्वीकृत।
धारचूला (पिथौरागढ़) के किलातम क्षेत्र में चैकडेम निर्माण हेतु 95.49 लाख रुपये की स्वीकृति।
उसी क्षेत्र में अन्य कार्यों के लिए 57.29 लाख रुपये स्वीकृत।
चंपावत जिले के हनुमान मंदिर मेला स्थल, लधौली, ऐडी मेला स्थल, कालूखाण और फुटलिंग कालूखाण के सुंदरीकरण के लिए 81.50 लाख रुपये स्वीकृत, जिसमें से 48.90 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी।
जनता और कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री धामी के इस निर्णय से एक ओर जहां कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। सरकार का दावा है कि इन कदमों से प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढें- देहरादून से चर्लपल्ली तक साप्ताहिक ट्रेन सेवा बहाल, 39 घंटे में तय होगा सफर; जानिए पूरा शेड्यूल






