पहाड़ों में लगातार हो रही भारी वर्षा का असर अब निचले इलाकों में भी दिखने लगा है। भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह खतरे के स्तर के बेहद करीब पहुंच चुका है।
शनिवार सुबह 11 बजे गंगा का जलस्तर 293.15 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 293.00 मीटर से ऊपर है। इसके बाद जलस्तर में और बढ़ोतरी हुई और दोपहर 12 बजे तक यह बढ़कर 293.25 मीटर तक पहुंच गया। यह स्तर खतरे की सीमा 294.00 मीटर के बेहद नजदीक है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक, इस समय गंगा में प्रवाह 1,43,689 क्यूसेक है, जबकि बैराज से 1,35,338 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पीयूजीसी में 8200 क्यूसेक और डीसीएनडी में 151 क्यूसेक पानी डायवर्ट किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही स्थिति गंभीर होगी, आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। लोगों से नदी के किनारे और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।
यह भी पढें- देहरादून गुच्चुपानी हत्याकांड: सुपारी किलिंग मामले में तीन को फांसी, दो को उम्रकैद






