स्वतंत्रता दिवस की सुबह पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 10 श्रद्धालुओं ने अपनी जान गंवा दी। हादसा शुक्रवार सुबह फागुपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुआ, जब गंगासागर से लौट रही यात्रियों से भरी एक वॉल्वो बस तेज रफ्तार में खड़े डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में दो महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं।
हादसे में करीब 25 यात्री घायल हुए, जिनमें 3 से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग सात बजे श्रद्धालु गंगासागर में स्नान कर लौट रहे थे। बस दुर्गापुर की ओर तेज रफ्तार से जा रही थी, तभी फागुपुर के पास खड़े डंपर से उसकी भीषण टक्कर हो गई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।
तुरंत बचाव कार्य शुरू
सूचना मिलते ही बर्द्धमान जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद 10 यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।









