देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो एमडीएमए (मेथिलीन डाई ऑक्सी मेथाम्फेटामाइन) तैयार कर विदेशों में सप्लाई करता था। इस गिरोह का संचालन मुंबई से हो रहा था, और इसके तार नेपाल से लेकर मुंबई के अंडरवर्ल्ड तक फैले हुए हैं।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के सरगना कुनाल कोहली को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 7.41 ग्राम तैयार एमडीएमए और भारी मात्रा में प्रिकर्सर केमिकल (कच्चा माल) बरामद हुआ है। जब्त किए गए माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, अब तक गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि एक आरोपी फरार है, जिसके नेपाल में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि इस गिरोह की गतिविधियों पर मुंबई पुलिस भी नजर रखे हुए थी। 31 मई को ठाणे पुलिस ने दो तस्करों—बल्लीराम गुप्ता और भीम यादव को 11 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया था। उसी कार्रवाई की कड़ी में उत्तराखंड पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को धर दबोचा।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए छानबीन तेज कर चुकी है और ड्रग्स तस्करी के इस अंतरराज्यीय-और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की तैयारी में जुटी है।
यह भी पढें- उत्तराखंड: सरकारी कर्मचारियों पर सख्ती… 5000 रुपये से अधिक की खरीद पर देनी होगी अफसर को सूचना






