हरिद्वार कांवड़ यात्रा में प्रेम और आस्था का अद्भुत संगम: प्रेमिका के IPS बनने की मन्नत पूरी करने के लिए राहुल ने उठाई 121 लीटर गंगाजल की कांवड़

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था और प्रेम का एक अनोखा उदाहरण सामने आया है। दिल्ली के नरेला निवासी राहुल कुमार ने अपनी प्रेमिका के IPS अधिकारी बनने की मन्नत पूरी करने के लिए इस बार 121 लीटर गंगाजल से भरी कांवड़ उठाई है। राहुल लगातार चौथे साल कांवड़ यात्रा पर निकले हैं और हर वर्ष अपनी आस्था को और मजबूत करते जा रहे हैं।

राहुल बताते हैं कि पिछले साल उन्होंने 101 लीटर गंगाजल के साथ यात्रा की थी, जबकि इस वर्ष उन्होंने अपना संकल्प और मजबूत करते हुए 121 लीटर जल लेकर हरिद्वार से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया है।

खास बात यह है कि खुद राहुल केवल 12वीं तक पढ़े हैं, लेकिन उनकी प्रेमिका UPSC की तैयारी कर रही है। राहुल का कहना है कि जब तक उनकी प्रेमिका IPS नहीं बन जाती, वह हर साल कांवड़ यात्रा करते रहेंगे और भोलेनाथ से उनकी सफलता की कामना करेंगे।

राहुल की यह अनोखी आस्था सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है। लोग उनकी इस श्रद्धा और प्रेम भरे संकल्प की खूब सराहना कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

कांवड़ यात्रा में जहां हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर शामिल होते हैं, वहीं राहुल का यह प्रेम और आस्था से जुड़ा संकल्प लोगों के बीच प्रेरणा बनकर सामने आया है।

यह भी पढें- उत्तराखंड: केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया पहुंचे मसूरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया स्वागत

Leave a Comment