टिहरी डोबरा-चांठी में भीषण हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप, एसडीआरएफ ने चालक को सुरक्षित निकाला

नई टिहरी। डोबरा-चांठी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना शुक्रवार देर रात की है। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि लगभग 12:20 बजे कोटी कॉलोनी पुलिस चौकी से सूचना मिली थी कि डोबरा-चांठी के पास एक पिकअप गाड़ी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोटी कॉलोनी से एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने रात के अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद राहत व बचाव कार्य शुरू किया। करीब 100 मीटर गहराई में गिरे वाहन तक पहुंच बनाकर टीम ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन में केवल चालक सवार था, जिसकी पहचान रमेश रावत (35 वर्ष), पुत्र भरत सिंह रावत, निवासी ग्राम डांग, भलदियाना, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। चालक को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और पुलिस के सहयोग से इस गंभीर हादसे में बड़ा नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों ने राहत दल के साहसिक कार्य की सराहना की है।

यह भी पढें- Uttarakhand News: कांग्रेस ने जारी की समर्थित जिला पंचायत उम्मीदवारों की सूची, चमोली, टिहरी और पौड़ी के प्रत्याशियों के नाम घोषित

Leave a Comment