देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का कहर लगातार जारी है, जिससे पहाड़ी इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राज्य में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चारधाम यात्रा भी बार-बार अवरुद्ध हो रही है, जिससे श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य में उत्पन्न हालात को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ धाम सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भारी बारिश और आपदा की स्थिति की जानकारी ली।
केंद्रीय गृह मंत्री ने हालात पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में तैनात करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आपदा संभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साथ ही उन्होंने राज्य के अन्य संवेदनशील जिलों में भी सतर्कता बरतने और लगातार हालात की निगरानी के निर्देश दिए। केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया है ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत कार्य हो सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य को समय पर सहायता और सक्रिय सहयोग देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं व आम जनता की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढें- चार साल की सत्ता, एक रिकॉर्ड बाकी – सीएम धामी की राजनीतिक यात्रा पर नजर






