लालकुआं के बरेली रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक तेज़ रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। यह हादसा तब हुआ जब पप्पू श्रीवास्तव (22) और शुभम (25) एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए तीनपानी क्षेत्र से बहेड़ी की ओर जा रहे थे। नगर के गुरुद्वारे के सामने जैसे ही दोनों युवक पहुंचे, डंपर ने अचानक उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर जा गिरे।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक के पांव की एड़ी पर से डंपर का पहिया गुजर गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। इस बीच डंपर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों और स्थानीय ट्रांसपोर्टरों ने स्थिति को संभालते हुए घायलों के मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी और 108 एंबुलेंस को भी बुलाया।
करीब 30 मिनट की देरी से एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक घायलों की हालत और बिगड़ चुकी थी। मौके पर पहुंचे कोतवाली पुलिस के जवान तरुण मेहता और आनंद पूरी ने भी राहत कार्यों में सहयोग किया। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद दोनों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर सड़क हादसों में घायल होने वालों को समय पर प्राथमिक चिकित्सा क्यों नहीं मिल पाती। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस की देरी और डंपर चालक का फरार हो जाना, दोनों ही प्रशासनिक और सिस्टम की संवेदनशीलता पर सवालिया निशान हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : कंसेरु गांव में आवासीय भवन में लगी आग, ग्रामीणों ने बचाई जान, तीन मवेशियों की दम घुटने से मौत






