देहरादून। उत्तराखंड में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार देर शाम राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सीएम ने सभी जिलों की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और अफसरों को सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा संभावित क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर हर जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य में स्थित सभी पुलों और हेलीपैड का 15 दिनों के भीतर सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। इसके साथ ही हर जिले में संवेदनशील इलाकों की पहचान कर लैंडस्लाइड मैप तैयार करने और उनका विस्तृत डाटा बेस बनाने को कहा, जिससे समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।
सीएम धामी ने आपदा के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज और प्रभावी बनाने के लिए एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भूस्खलन से बंद हुए रास्तों को तत्काल खोलने के लिए 15 मिनट के भीतर जेसीबी मशीन मौके पर पहुंचे, इसकी पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में एक हेलीकॉप्टर की स्थायी तैनाती का भी आदेश दिया ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में राहत व बचाव कार्य तेजी से हो सके। उन्होंने पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के विस्तार और मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को वक्त पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके।
शिक्षा क्षेत्र को लेकर भी मुख्यमंत्री गंभीर दिखे। उन्होंने सभी जिलों के डीईओ को निर्देश दिए कि वे 15 दिन के भीतर जर्जर और खतरनाक स्कूल भवनों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि ऐसे भवनों की मरम्मत तुरंत कराई जाए और जब तक कार्य पूर्ण न हो, तब तक पठन-पाठन के लिए वैकल्पिक शेल्टर की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी से कैंचीधाम और अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग जैसे संवेदनशील सड़कों के पैचवर्क के लिए भी विशेष निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिलों में पुराने और जर्जर हो चुकी एंबुलेंसों को नए वाहनों से बदलने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि मानसून से पहले सभी तैयारियों की जमीनी हकीकत जानी जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।






