अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

देहरादून के राजपुर रोड पर तेजी से हो रहा पहाड़ी का कटान,वेलफेयर एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग

On: June 7, 2025 5:16 PM
Follow Us:

देहरादून: पर्यावरणीय और भौगोलिक रूप से अत्यंत संवेदनशील दून घाटी में एक बार फिर अवैध निर्माण गतिविधियों का मामला सामने आया है। राजपुर रोड स्थित प्लीजेंट वैली के पीछे की पहाड़ी पर बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग के उद्देश्य से कटान किया जा रहा है। इस मामले को लेकर स्थानीय निवासियों और वेलफेयर एसोसिएशन ने गहरी नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार, प्लीजेंट वैली क्षेत्र में बिल्डर और भूमाफिया द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए पहाड़ी को समतल किया जा रहा है। यही नहीं, हरे-भरे पेड़ों की कटाई भी खुलेआम की जा रही है। जबकि नियमों के अनुसार, 30 डिग्री से अधिक ढलान वाली भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण प्रतिबंधित है और ऐसी पहाड़ियों को समतल करने की अनुमति भी नहीं है।

प्लीजेंट वैली वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवर अरोड़ा ने इस अवैध कार्यवाही के खिलाफ जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि भू-माफिया इस क्षेत्र को पुराने आवासीय क्षेत्र के विस्तार के रूप में प्रचारित कर प्लाटिंग की योजना बना रहे हैं, जो न केवल पर्यावरणीय दृष्टिकोण से हानिकारक है बल्कि खनन और निर्माण नियमों का खुला उल्लंघन भी है।

एसोसिएशन का कहना है कि यह गतिविधि सुनियोजित शहरी विकास के सिद्धांतों के विपरीत है। पहाड़ी क्षेत्र के अंधाधुंध कटान से मिट्टी का क्षरण, जल स्रोतों पर प्रभाव और आपदा संभावनाएं बढ़ सकती हैं। वहीं क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पहले से ही संकरी है, ऐसे में नई प्लाटिंग से ट्रैफिक और बुनियादी सुविधाओं पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

इसके अतिरिक्त, पास के इलाके में ‘सुमन नगर’ नाम से एक अवैध बस्ती भी पहले से मौजूद है, जो लगातार विस्तार कर रही है। ऐसे में इस नई अवैध प्लाटिंग से पूरे क्षेत्र की भौगोलिक और पर्यावरणीय स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है।

स्थानीय निवासियों और एसोसिएशन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि दून घाटी की प्राकृतिक संरचना को बचाया जा सके और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लग सके।

यह भी पढें- Haldwani:सीएम धामी ने 126 करोड़ की विकास योजनाओं का किया शुभारंभ, बोले– बड़े से बड़े भ्रष्टाचारी को भी नहीं छोड़ा जाएगा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment