पिथौरागढ़ जनपद में भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख मार्ग शनिवार दोपहर अचानक चट्टान दरकने से बंद हो गया। तवाघाट से तीनतोला और पांगला के बीच भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिर गया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
इस कारण आदि कैलास यात्रा से लौट रहे कई यात्री मार्ग में ही फंस गए हैं, जबकि धारचूला से आदि कैलास की ओर जाने वाले यात्रियों को अस्थायी रूप से यात्रा स्थगित कर धारचूला में ही रोक दिया गया है। लौट रहे यात्रियों को बूंदी में रुकने की व्यवस्था की गई है।
बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) की टीम प्रभावित मार्ग को खोलने के लिए राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, यदि मौसम अनुकूल रहा तो शाम तक मार्ग दोबारा खोल दिए जाने की संभावना है।
प्रशासन और यात्रा संचालन से जुड़े अधिकारियों ने यात्रियों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।





