हल्द्वानी। कालू सिद्ध मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह की भव्य शुरुआत हुई, जिसमें शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मिलित होकर श्रद्धा और भक्ति का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजन कर नव निर्मित मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर में करीब 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक वातावरण बना रहा। पारंपरिक परिधान में कलश लेकर पहुंची महिलाओं ने मंदिर के मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मंदिर के भीतर पीठाधीश्वर महंत कालू गिरी महाराज और महंत त्रिवेणी गिरी महाराज के सान्निध्य में संत समाज ने रुद्राक्ष की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
पूजन अनुष्ठान को विधिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए आचार्य डॉ. भूवन चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में 16 विद्वान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया। मुख्यमंत्री ने मंदिर के भव्य निर्माण को आस्था का प्रतीक बताया और कहा कि यह स्थान क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र बन चुका है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, दर्जा मंत्री डॉ. अनिल कपूर, राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, रेनू अधिकारी, नवीन वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में शामिल हुए श्रद्धालुओं और संतों ने मंदिर की दिव्यता और आयोजन की भव्यता की सराहना की।
यह भी पढें- पिथौरागढ़ में मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बोलेरो खाई में गिरी – तीन मृत, पांच घायल





