अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

देहरादून में एफडीए की बड़ी छापेमारी, कार से ले जाया जा रहा 500 किलो नकली पनीर बरामद

On: May 28, 2025 10:40 AM
Follow Us:

देहरादून: राजधानी में मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान के तहत बुधवार को खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने भंडारी बाग क्षेत्र में एक संदिग्ध कार से करीब 500 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया। यह पनीर न केवल मानकों के विरुद्ध था, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा भी बन सकता था।

सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर जिला एफडीए अधिकारी मनीष सयाना और एफडीए अधिकारी रमेश सिंह, स्थानीय पुलिस चौकी इंचार्ज प्रमोद भंडारी की टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक सफेद हुंडई इयोन कार वैन संदिग्ध हालत में नजर आई। कार को रोका गया और तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान टीम को कार की डिग्गी और पिछली सीटों से लगभग 500 किलो पनीर बरामद हुआ, जिसे बिना किसी शीतलन व्यवस्था के बेहद गंदे प्लास्टिक की बोरियों में भरकर खुले में ढोया जा रहा था। मौके पर पनीर की प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें यह पाया गया कि यह मानव उपभोग के लिए पूर्णत: अनुपयुक्त है।

कार में मौजूद व्यक्ति की पहचान मोहम्मद इरशाद पुत्र खलील अहमद के रूप में हुई, जो पनीर से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके चलते टीम ने पनीर को तत्काल जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

इस कार्रवाई के बाद अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा, “यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि कुछ लोग अभी भी अवैध तरीके से नकली और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों को बाजार में उतारने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन विभाग पूरी तरह सतर्क है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।”

विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment