देहरादून। शादी समारोह में खुशी के माहौल को सड़क पर बवाल में बदलने वाले कुछ बारातियों को पुलिस ने सबक सिखा दिया। कार और बाइक पर सवार होकर हुड़दंग कर रहे युवकों का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए वीडियो में नजर आ रहे वाहनों को चिन्हित किया और सभी को सीज कर दिया गया। साथ ही, हुड़दंग मचाने वाले युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
वीडियो में दिखाई दे रहा था कि कुछ युवक चलती कार की छत और खिड़कियों से बाहर निकलकर जानलेवा स्टंट कर रहे थे, जिससे न केवल उनकी खुद की बल्कि राह चलते लोगों की जान को भी खतरा था। वायरल होते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने वीडियो में नजर आ रही तीन कारों और दो मोटरसाइकिलों को चिन्हित किया, जिनमें एक क्रेटा, एक फॉर्च्यूनर, एक स्कॉर्पियो और दो बाइक शामिल थीं। इन सभी वाहनों को सीज कर दिया गया है और चालकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने इस मामले में शादाब शफी, साहिल खान, फुरकान (तीनों निवासी ग्राम परवल, शिमला बायपास रोड, देहरादून), विनय चमोली (निवासी नयागांव, देहरादून) और इकराम (निवासी ग्राम परवल, शिमला बायपास) को हिरासत में लिया है।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि सड़कों पर इस तरह की लापरवाही और शांति भंग करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस भविष्य में भी सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
यह भी पढे़- हरिद्वार : सोमवती अमावस्या पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी





