ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। दो दिवसीय इस यात्रा की शुरुआत वडोदरा में भव्य रोड शो से हुई, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा लहराते हुए उनका स्वागत किया। मोदी ने भी जनता का अभिवादन हाथ हिलाकर किया। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत 3,300 करोड़ रुपये के चेक शहरी निकायों को सौंपेंगे और 82,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
दाहोद में प्रधानमंत्री मोदी लोकोमोटिव निर्माण संयंत्र का उद्घाटन करेंगे, जिसे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत 21,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके साथ ही वे साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस और वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। ये नई ट्रेनें गुजरात के तीर्थ स्थलों और ग्रामीण-शहरी इलाकों के बीच संपर्क को बेहतर बनाएंगी, जिससे न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा रेलवे और अन्य आधारभूत परियोजनाओं की दृष्टि से भी अहम है। दाहोद में 24,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। वहीं वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें अब रोज़ चलेंगी और वेरावल जैसी धार्मिक जगहों तक पहुंच और सुगम होगी। ये योजनाएं गुजरात के विकास के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही हैं।
अंतिम दिन प्रधानमंत्री गांधीनगर में दो किलोमीटर लंबे भव्य रोड शो में भाग लेंगे, जहां 30,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे महात्मा मंदिर में 5,536 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाए गए 22,055 घरों और साबरमती रिवरफ्रंट के तीसरे चरण की आधारशिला शामिल है। यह दौरा गुजरात को विकास की नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें : चारधाम यात्रा में नकली वस्तुओं की खुलेआम बिक्री: यात्रियों से हो रही धोखाधड़ी










