उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में बायोमीट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया था, लेकिन सचिवालय में तकनीकी दिक्कतों के कारण अधिकारी और कर्मचारी समय पर हाजिरी नहीं लगा पा रहे थे। इसके चलते देर से आने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी जारी हुए थे। इन चुनौतियों के बीच शासन ने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है।
अब सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी अपने मोबाइल से आधार आधारित हाजिरी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सचिवालय प्रशासन ने एक मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी कर दी है। यह व्यवस्था एक मई से मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के आदेश पर लागू की गई है।
तकनीकी अड़चनों के चलते नहीं लग पा रही थी हाजिरी
सचिवालय परिसर में आधार की साइट, स्वान नेटवर्क में आईपी एड्रेस परिवर्तन और आरडी डिवाइस की समस्याओं के कारण कर्मचारियों को बायोमीट्रिक हाजिरी लगाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन दिक्कतों को देखते हुए अब फेशियल रिकग्निशन तकनीक के माध्यम से मोबाइल से हाजिरी लगाने की सुविधा शुरू की गई है।
कैसे लगाएं मोबाइल से हाजिरी?
इसके लिए कर्मचारी को अपने मोबाइल फोन में ‘Aadhaar Face RD’ और ‘Aadhaar Based Attendance’ एप डाउनलोड करने होंगे। ये एप गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर पर उपलब्ध हैं।
इसके बाद कर्मचारी को निम्न प्रक्रिया का पालन करना होगा:
- एप में लॉगिन आईडी बनाएं।
- रजिस्ट्रेशन के दौरान डोमेन में राज्य के तौर पर उत्तराखंड चुनें।
- पासवर्ड सेट करें और आईडी पूर्ण करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद आपके पास नॉर्थ ब्लॉक ग्राउंड, सीएम बिल्डिंग, सीएस बिल्डिंग, एसबीआई बिल्डिंग जैसे एंट्री प्वाइंट्स दिखेंगे, इनमें से कोई एक चयन करें।
- अपनी स्पष्ट तस्वीर अपलोड करें।
- इसके बाद मोबाइल से हाजिरी दर्ज हो जाएगी।
इस नई व्यवस्था से कर्मचारी अब तकनीकी बाधाओं के बिना कहीं से भी सुगमता से अपनी उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। शासन की यह पहल डिजिटल दक्षता को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को भी अधिक पारदर्शी और आसान बनाएगी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: 40 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अपनाएंगे अपनी पहली तैनाती का कार्यक्षेत्र, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश





