देहरादून में 16वें वित्त आयोग की टीम का आगमन हो चुका है। आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को राजधानी पहुंचा। टीम में आयोग के सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, मनोज पांडा, सौम्या कांतिघोष, सचिव ऋत्विक पांडेय, संयुक्त सचिव के.के. मिश्रा और संयुक्त निदेशक पी. अमरूथावर्षिनी शामिल हैं।
रविवार को ओल्ड मसूरी रोड स्थित होटल हयात रीजेंसी पहुंचने पर आयोग की टीम का पारंपरिक अंदाज में ढोल-दमाऊ की थाप पर भव्य स्वागत किया गया। वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आयोग अध्यक्ष और अन्य सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर आयोग अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया व प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राज्य के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।
अब सोमवार, 19 मई को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में राज्य सरकार और आयोग के बीच महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस दौरान राज्य सरकार आयोग के समक्ष आगामी योजनाओं, वित्तीय आवश्यकताओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को प्रस्तुत करेगी।
इसके अतिरिक्त, आयोग की टीम दोपहर बाद मसूरी रोड स्थित होटल में नगर निकायों, त्रिस्तरीय पंचायतों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अलग-अलग बैठकें करेगी। इन बैठकों के माध्यम से आयोग जमीनी स्तर की चुनौतियों और सुझावों को भी समझेगा, जिससे राज्य को अधिक सशक्त वित्तीय सहायता और योजनाएं मिल सकें।
यह दौरा राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वित्त आयोग की सिफारिशें आगामी वर्षों में उत्तराखंड की आर्थिक दिशा और विकास को सीधे तौर पर प्रभावित करेंगी।
यह भी पढें- देहरादून जौलीग्रांट सिंचाई नहर में नहाते समय किशोर की डूबने से मौत, कालूवाला क्षेत्र में मचा हड़कंप





