देहरादून। प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (एमएमयू) का शुभारंभ किया। यह यूनिट्स जनपद हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल के सुदूरवर्ती इलाकों में सेवाएं देंगी।
मुख्यमंत्री ने इसे ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ मिशन की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ये मोबाइल यूनिट्स ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगी। सप्ताह में छह दिन संचालित होने वाली ये एमएमयू आवश्यक निदान और उपचार सुविधाओं से सुसज्जित हैं, जिससे दूरदराज के लोगों को घर के पास ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इन पांच यूनिट्स में से एक विशेष रूप से महिलाओं के लिए समर्पित मोबाइल मेडिकल यूनिट है, जिसमें पूरी टीम महिला स्वास्थ्यकर्मियों की है। यह यूनिट वंचित और पिछड़े क्षेत्रों की महिलाओं की विशिष्ट स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
इन यूनिट्स का संचालन कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) द्वारा किया जाएगा, जबकि इनकी फंडिंग ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आरईसी) द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत की गई है। प्रारंभ में हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में दो-दो तथा टिहरी गढ़वाल में एक यूनिट तैनात की गई है, जो तीन वर्षों तक सेवाएं देंगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा, एमडी धनुष हेल्थ केयर डी.एस.एन. मूर्ति, सीएससी स्टेट हेड श्री दीपक, एमडी पेनेसिया हॉस्पिटल देहरादून श्री अश्विनी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।







