देहरादून। केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखंड सरकार आगामी 7 मई को राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित करने जा रही है। इस अभ्यास का उद्देश्य स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को आतंकी हमलों या आपातकालीन स्थितियों में बचाव के प्रति जागरूक करना है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह निर्देश जारी किए हैं।
इस मॉक ड्रिल में विशेष जोर सीमावर्ती जिलों पर रहेगा, खासकर उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में जहां एयरबेस की भी उपस्थिति है। इन जिलों में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर खास तैयारी की जा रही है। हालांकि अन्य जिलों को भी इस अभियान में जोड़ा जा सकता है।
सिविल डिफेंस और पुलिस की अहम भूमिका
इस अभियान में सिविल डिफेंस की भी अहम भूमिका होगी। जिलों की पुलिस इकाइयों को मॉक ड्रिल की योजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके माध्यम से आमजन को यह सिखाया जाएगा कि आपात स्थिति में कैसे संयम बनाए रखें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें और आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाएं।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमान ने बताया कि फिलहाल विस्तृत आधिकारिक दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं, लेकिन पुलिस बल स्तर पर पूरी तैयारी की जा रही है। सात मई को प्रस्तावित मॉक ड्रिल के लिए पुलिस अपनी योजना के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर रही है।
विस्तृत दिशा-निर्देश राज्य सरकार द्वारा जल्द ही जारी किए जाएंगे, जिससे जिलों में तैयारी और अधिक मजबूत की जा सकेगी।
यह भी पढें- केदारनाथ यात्रा में घोड़ों-खच्चरों की आवाजाही पर 24 घंटे की रोक, वायरस से 14 की मौत





