देहरादून, 30 अप्रैल — उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से आज देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में ‘संविधान बचाओ रैली’ का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जैसे-जैसे नेताओं के भाषणों का सिलसिला शुरू हुआ, वैसे-वैसे रैली स्थल पर भीड़ बढ़ती चली गई। रैली के अंतिम चरण में मंच पर जरूरत से ज्यादा लोग चढ़ गए, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के दोनों मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
माहरा के सलाहकार अमरजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जब रैली अपने समापन की ओर थी, तभी कुछ लोग मंच पर चढ़ आए। उन्होंने बताया कि मंच पर भारी भीड़ के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने मौका पाकर करन माहरा के दोनों मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।
उन्होंने आगे कहा कि उम्मीद की जा रही है कि यदि किसी व्यक्ति ने अनजाने में मोबाइल फोन उठा लिए हैं और उसे अपनी गलती का एहसास होता है, तो वह उन्हें वापस लौटा देगा। यदि ऐसा नहीं होता है, तो कांग्रेस पार्टी की ओर से इस मामले में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने के लिए पुलिस से सर्विलांस की भी मदद ली जाएगी।








